समाचार गिद्ध
जिस्म को तार तार करने के बाद
फैंक दिया गया चौराहे पर
और तुरंत ही आ धमके
समाचार गिद्ध अपनी तेज चमकीली आंखों के साथ
जो मुन्तजिर रहती हैं
ऐसे जिस्मों की
जिनमें
थोड़ी जान बाक़ी हो
ताकि अपनी पैनी, नुकीली और धार धार चोंच से
धीरे धीरे
नोचा जा सके
उस गर्म गर्म ताज़ा जिस्म को
उसकी हरारत ख़तम होने से पहले
या उससे ज़्यादा ताज़ा, नया जिस्म मिलने तक
ताकि अपनी टी आर पी की निर्मम भूख को किया जा सके शांत