रंगो की बौछार है होली
मस्ती का त्यौहार है होली
हर दिल में एक जोश भरा है
खुशियों का अम्बार है होली
उल्फ़त है और प्यार है होली
रिश्तों का आधार है होली
नफ़रत के जज्बात मिटाने
बस हम को दरकार है होली
मस्ती है उल्लास है होली
त्यौहारों में ख़ास है होली
भेदभाव से ऊपर उठकर
समता का अहसास है होली
भीगा कुर्ता भीगी चोली
हुड़दंगा और हंसी ठिठोली
कोई खाकर झूम रहा है
देखो भय्या भांग की गोली
प्रेम का दे संदेश ये होली
और मिटाये द्वेश ये होली
रंगो सा मिल जाना सीखो
देती है सन्देश ये होली
आज फ़िज़ा में रंग भरा
लाल गुलाबी और हरा है
सहरा, गुलशन रंग में नहाये
सतरंगी ये आज धरा है
रखें बस हम ध्यान इसी का
कम न हो बस मान किसी का
दिल में न हो मैल कोई भी
हमसे न हो अपमान किसी का
कीचड़ गोबर तुम न लगाना
दारु सुल्फ़ा तुम न मंगाना
नारी का अपमान न करना
होली को इस तरह मनाना
रंगो की बौछार है होली
मस्ती का त्यौहार है होली
हर दिल में एक जोश भरा है
खुशियों का अम्बार है होली
अकमल नईम अकमल